बदमाशों का आतंक, दो राहगीरों की हालत नाजुक; पढ़िए पूरी खबर

Share on

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बीते दो दिनों से बदमाशों का खौफ देखने को मिला। थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने सुनसान सड़कों पर जमकर आतंक मचाया। राह चलते लोगों पर जानलेवा हमले किए गए और लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया गया। बदमाशों के हमले में कुल 13 राहगीर घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज बिलासपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक घायल कोमा में बताया जा रहा है।

रॉड-डंडों से सिर पर वार, रास्ते में जो मिला उसी पर हमला

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रॉड, लोहे के पाइप, डंडे और बेल्ट लेकर बाइक से सुनसान रास्तों पर घूमते थे। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर जानलेवा वार किया जाता था। इसके बाद मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। गिरोह का मकसद दहशत फैलाना था, इसी वजह से रास्ते में जो भी व्यक्ति मिला, उस पर सामूहिक हमला किया गया। लगातार पांच अलग-अलग स्थानों पर की गई इन वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

13 घायल, दो ICU में, एक कोमा में

आरोपियों के हमले में थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा निवासी मुकेश राय सागर और अमन बंजारे की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों ICU में भर्ती हैं, जिनमें से एक कोमा में है। इसके अलावा दीपक कुमार कश्यप, प्रशांत कश्यप, अनिकेत राय सागर, आर्यन, सुमित बंजारे, कैलाश दास मानिकपुरी, बसंत दास, शुभम यादव, संजीव कुर्रे, आशीष वानी और लक्ष्मण यादव सहित अन्य राहगीरों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ घायलों का इलाज बिलासपुर तो कुछ का रायपुर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार

लगातार वारदातों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन (18), मनीराम गोंड (19), नरेश यादव (19), रोशन टंडन (19), आयुष रात्रे (18), रामनाथ (मुठभेड़ में घायल) और दो नाबालिग शामिल हैं। एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। सभी आरोपी थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से लूटपाट और हमले की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और फरार या संलिप्त अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!