रायगढ़। बोर्ड परीक्षा संचालन को लेकर आयोजित अहम बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले 10 शिक्षकों के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सख्त रुख अपनाया है। डीईओ ने सभी संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित जवाब मांगा है। जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए डीईओ ने बरमकेला विकासखंड अंतर्गत पीएम श्री सेजेस स्कूल के शिक्षकों की बैठक बुलाई थी। बैठक को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया था, लेकिन 10 शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे।
संस्था प्रमुख को भी नहीं दी सूचना
बताया जा रहा है कि अनुपस्थित शिक्षकों ने बैठक में शामिल न होने की सूचना संस्था प्रमुख को भी नहीं दी थी। जब डीईओ ने अनुपस्थिति को लेकर जानकारी चाही, तो प्राचार्य भी स्पष्ट कारण नहीं बता सके। इसे शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए डीईओ ने तत्काल नोटिस जारी कर दिया। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि बैठक की सूचना पूर्व में संस्था प्रमुख के माध्यम से सभी संबंधित स्टाफ को दे दी गई थी। इसके बावजूद उपस्थित न होना गंभीर कर्तव्यहीनता है। संबंधित शिक्षकों को 20 फरवरी तक लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
इन शिक्षकों को जारी हुआ नोटिस
दया सागर चौहान (व्याख्याता), सचिदानंद नायक (व्याख्याता), रामकिशोर सिंह (शिक्षक), मालती नायक (सहायक शिक्षक विज्ञान), सुंदरा सतपथी (शिक्षक), सविता नायक (सहायक शिक्षक विज्ञान), सुधा पटेल (व्याख्याता), खुशबू चंद्रा (कंप्यूटर शिक्षक), जया प्रधान (शिक्षक हेल्थ केयर) और हरिश चंद्राकर (शिक्षक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर) को नोटिस जारी किया गया है।
डीईओ का सख्त संदेश
डीईओ जे.आर. डहरिया ने कहा कि बोर्ड परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया को लेकर आयोजित बैठक में अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही है। यदि शिक्षकों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।








