Civil India News App Download
📢 Advertise With Us

CG Crime News: ITI में फर्जी प्रशिक्षक गिरफ्तार, नकली दस्तावेज से कर रहा था नौकरी

Share on

CG Crime News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने का मामला सामने आया है। तेलंगाना के एक निजी कॉलेज का कथित फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र और नकली बैंक स्टेटमेंट लगाकर प्रशिक्षक की नौकरी हासिल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी लगभग एक साल तक संस्थान में प्रशिक्षक के रूप में कार्य करता रहा। दस्तावेजों की जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर उसने नौकरी से इस्तीफा दे दिया था।

वर्ष 2023 में आईटीआई में प्रशिक्षक सहित विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एमपी नगर निवासी अनिकेत कर्ण ने आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन के साथ उसने तेलंगाना के विस्टन कॉलेज में प्रशिक्षक के रूप में कार्य करने का अनुभव प्रमाण पत्र जमा किया। इसके साथ उसने हर महीने 15 हजार 600 रुपए वेतन मिलने संबंधी बैंक स्टेटमेंट भी प्रस्तुत किया था।

📢
Advertise With Us
Reach thousands of readers with Civil India News
Get Started →

दस्तावेजों के आधार पर विभाग ने अनिकेत कर्ण की नियुक्ति करतला आईटीआई में प्रशिक्षक पद पर कर दी। बाद में विभागीय सत्यापन के दौरान अनुभव प्रमाण पत्र और बैंक स्टेटमेंट दोनों फर्जी पाए गए। मामला उजागर होने के बाद अनिकेत ने वर्ष 2024 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जांच पूरी होने के बाद औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय बिलासपुर ने पूरी रिपोर्ट पुलिस को सौंपी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र और बैंक स्टेटमेंट जमा कर नौकरी हासिल करने की पुष्टि हुई है। संयुक्त संचालक की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अपराध दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!