बिलासपुर। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी बुधवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। नगर निगम , रेलवे व सामाजिक संगठनों ने तैयारी पूरी कर ली है। रेलवे, पुलिस ग्राउंड, साइंस कॉलेज व शनिचरी मैदान में होगा भव्य आयोजन।
शहर के चार प्रमुख मैदान में रावण के पुतला दहन का आयोजन किया जाएगा। साइंस कॉलेज , रेलवे फुटबॉल ग्राउंड, पुलिस मैदान और शनिचरी बाजार। रावण का सबसे ऊंचा पुतला साइंस कॉलेज मैदान में जलाया जाएगा। इसकी ऊंचाई 101 फीट है। रेलवे क्षेत्र में 65 फीट, पुलिस मैदान में 75 फीट, लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 65 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। रेलवे क्षेत्र में रामलीला की जीवंत झांकी के साथ शाम 6 बजे पुतला दहन किया जाएगा। दो घंटे आतिशबाजी, झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्सव को यादगार बनाएंगे। “
Also Read – 64 दिन की रहेगी छुट्टी: स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया कैलेंडर
साइंस कॉलेज मैदानः 101 फीट ऊंचा पुतला
साइंस कॉलेज मैदान में इस बार जिले का सबसे बड़ा रावण का पुतला तैयार किया गया है। इसकी ऊंचाई 101 फीट होगी। आयोजन समिति के अनुसार पुतला दहन के साथ लगातार दो घंटे तक आतिशबाजी होगी। इसके लिए बाहर से विशेष टीम बुलाई गई है। लगभग 400 से 500 परिवारों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
शनिचरी बाजार की गौरवशाली परंपरा, 77 वां वर्ष
शनिचरी बाजार में दशहरा उत्सव समिति पिछले 77 वर्षों से उत्सव मनाते आ रही है। इस बार मैदान में 60 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है।
पुलिस ग्राउंड में तैयारी पूरी
पुलिस मैदान में विजयादशमी की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार नगर निगम ने 75 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार कराया है। उत्सव के मुख्य अतिथि नगर विधायक अमर अग्रवाल होंगे। । शाम 6 बजे अतिथियों का आगमन होगा और उसके बाद 30 मिनट तक आतिशबाजी होगी। शाम 7 बजे परंपरानुसार रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
Also Read – पुलिस सैलरी पैकेज बना मददगार, SSP ने सौंपा चेक कांस्टेबल के नॉमिनी को मिला एक करोड़
रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में लोगों की उमड़ेगी भीड़
रेलवे क्षेत्र में हिन्दुस्तानी सेवा समाज द्वारा विजयादशमी पर्व पर 65 फीट ऊंचा रावण पुतला तैयार किया गया है। 25-25 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी दहन किए जाएंगे। आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा लगातार एक घंटे तक चलने वाला आतिशबाजी शो।








