CG SUSPEND NEWS: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कोरिया जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसी दौरान सहायक आयुक्त, सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह के खिलाफ कामकाज में लापरवाही और शिकायतों का मामला सामने आया। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने के निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों के मकानों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा विभाग के परीक्षा परिणामों पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं आए हैं, जो चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए और स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित किया जाए।
चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं
सुशासन तिहार के दौरान आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए और अनावश्यक देरी न हो।