VIDEO: बिलासपुर की शनिचरी सब्जी मंडी में भीषण आग, 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना, 15 दुकानें जलीं

Share on

CG News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में लगातार दूसरी बड़ी आगजनी की घटना ने व्यापारियों में दहशत फैला दी है। शनिचरी बाजार स्थित सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें 15 से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि आगजनी की घटना देर रात करीब 2 बजे हुई। अचानक मंडी से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना

बिलासपुर में बीते 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी आगजनी की घटना है। इससे पहले बुधवारी बाजार में भी आग लगने से तीन दुकानें जल गई थीं। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी और भय का माहौल है।

व्यापारियों ने लगाया लापरवाही का आरोप

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि मंडी में लंबे समय से बिजली लाइन और शटर में करंट आने की शिकायत की जा रही थी। इसके बावजूद संबंधित विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त की जाती, तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था।

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पूरे बाजार में राख और जले सामान का मंजर दिखाई दिया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

लाखों का नुकसान

आगजनी में सब्जी और फल विक्रेताओं सहित कई छोटे व्यापारियों की दुकानें पूरी तरह जल गईं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कई व्यापारियों ने अपनी पूरी पूंजी जलने की बात कही है।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!