CG News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। नर्मदापुर, कुनिया और आसपास के गांवों में बीते एक महीने के भीतर उपसरपंच, एक छात्र और दो महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत की खबर सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। एक दर्जन से अधिक ग्रामीण बीमार बताए जा रहे हैं।
उपसरपंच और छात्र की भी मौत
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, पीलिया से कुनिया के पूर्व उपसरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव, बैगहवा गांव की एक युवती तथा बरिमा गांव के कक्षा 9वीं के छात्र विकास यादव की मौत हुई है। कई अन्य मरीजों का इलाज अंबिकापुर के निजी अस्पतालों और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है।
गर्मी और बारिश के बीच बढ़ा संक्रमण
भीषण गर्मी और बेमौसम बारिश के बीच क्षेत्र में लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। शुरुआत में ग्रामीण सर्दी-खांसी, उल्टी और बुखार समझकर स्थानीय स्तर पर इलाज कराते रहे, लेकिन बाद में कई लोगों में पीलिया के लक्षण सामने आए।
स्वास्थ्य विभाग ने लगाए कैंप
सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने मैनपाट क्षेत्र में पीलिया फैलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अलर्ट कर प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। मरीजों की जांच, उपचार और बीमारी के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पानी की जांच शुरू
स्वास्थ्य विभाग बीमारी के स्रोत का पता लगाने में जुटा हुआ है। पेयजल के नमूनों की जांच कराई जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, उबालकर पानी पीने और गर्म भोजन करने की सलाह दी है।
प्रशासन की निगरानी बढ़ी
लगातार मौतों और बढ़ते मामलों के बाद प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।