CG Crime News: बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए NSUI प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सरकारी आवास घेराव के दौरान हुए हंगामे और धक्का-मुक्की मामले में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
केंद्रीय मंत्री के आवास घेराव के दौरान हुआ था हंगामा
जानकारी के अनुसार, 3 जून को NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर के नेहरू चौक से प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सरकारी आवास का घेराव करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी।
इन नेताओं पर दर्ज हुई FIR
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच के बाद एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, शहर अध्यक्ष सिधांशु मिश्रा, रंजीत सिंह, लकी मिश्रा समेत एक दर्जन से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बलवा और रास्ता रोकने जैसी धाराएं
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत अपराध दर्ज किया है। इनमें बलवा, रास्ता रोकना और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस बोली- कानून व्यवस्था प्रभावित हुई
एएसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसी आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।