दंतेवाड़ा। पेशी निपटा कर अदालत से निकल रहे डीएसपी पर युवक–युवती ने धारदार हथियार से हमला करते हुए गला रेत दिया। गंभीर हालत में डीएसपी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दंतेवाड़ा जिले में पेशी पर आए डीएसपी पर युवक– युवती ने जानलेवा हमला कर दिया। अदालत से निकले डीएसपी पर युवक–युवती ने धारदार हथियार से भरे बाजार हमला करते हुए उनका गला रेत दिया। हमले के बाद बाजार में भगदड़ मच गया। हमले में घायल डीएसपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर दोनों युवक–युवती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

डीएसपी तोपेश वर्मा सुकमा जिले में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं। जगरगुंडा क्षेत्र में वे अभी पदस्थ हैं। वे एक न्यायालयीन प्रकरण के चलते आज दंतेवाड़ा जिला अदालत पेशी पर आए हुए थे। न्यायालयीन कार्य निपटा कर वह वापस जाने के लिए निकले तक टीवीएस शो रूम के पास भरे बाजार उन पर दो युवक– युवती ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने अपने साथ धारदार हथियार रखा था,जिससे डीएसपी तोपेश वर्मा का गला रेत दिया गया। भरे बाजार हुए हमले से बाजार में भगदड़ मच गई। डीएसपी हमले में गंभीर रूप से घायल हो सड़क पर गिर पड़े। आस– पास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया जहां इलाज के दौरान उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वही यह भी एक बात सामने आ रही है कि डीएसपी पर अचानक हमला नहीं हुआ। हमलावरों ने कथित तौर पर डीएसपी को लगभग तीन घंटे तक अपनी गाड़ी में बंधक बना कर बैठा रखा था और विवाद होने पर चाकू मारा।
हमले की सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी युवक– युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ के बाद पूरे मामले की जानकारी देने की बात कह रही है वही प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई है कि आरोपी युवक– युवती के साथ डीएसपी का पुराना प्रकरण दुर्ग जिला अदालत में लंबित था। युवक का नाम रविशंकर साहू है जो दुर्ग से आया था,उसके साथ एक युवती भी है।

Also Read – वसूली के लिए मिला था दो-दो सरकारी गाड़ी, सीधे सीएम से कराता था फाइलों पर हस्ताक्षर
शहर में इस बात की चर्चा है कि युवक के साथ आई युवती ने डीएसपी तोपेश वर्मा के खिलाफ पूर्व में रेप का एफआईआर दर्ज करवाया था,जिसमें डीएसपी को पहले अग्रिम जमानत मिल गई थी. फिर उन्हें सितंबर 2025 में अदालत ने दोषमुक्त भी कर दिया था। जिससे चलते युवक – युवती क्षुब्ध थे और सुकमा से ही डीएसपी का पीछा कर रहे थे। मौका मिलते ही उन्होंने हमले को अंजाम दे दिया। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक– युवती से पूछताछ कर रही है।








