Civil India News App Download

CG News: बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन: 7 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाला जुलूस

Share on

CG News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर स्टेट हाईवे जाम कर बर्थडे सेलिब्रेशन करना सात युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला और कोर्ट में पेश किया। मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही के पास का है।

हाईवे पर केक काटा, लग गया लंबा जाम

घटना 16 फरवरी की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और फिर अंबिकापुर–बनारस स्टेट हाईवे पर पहुंचकर कारों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर सड़क जाम कर दी। इसके बाद कार की बोनट पर केक काटा गया और जमकर आतिशबाजी की गई। इस दौरान लगभग एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई गाड़ियां आधे घंटे से अधिक समय तक फंसी रहीं।

एम्बुलेंस भी फंसी जाम में

वायरल वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में खड़ी दिखाई दी। हालांकि उसमें मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपियों ने उसे डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक पुलिस तक मामला पहुंच चुका था।

सोशल मीडिया वायरल के बाद कार्रवाई

20 फरवरी को पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की। जांच के बाद 6 युवकों को अंबिकापुर से और 1 युवक को लटोरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बर्थडे पार्टी में इस्तेमाल की गई दो कारों को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।

हाई कोर्ट पहले ही दिखा चुका है सख्ती

राज्य में हाईवे पर स्टंटबाजी और बीच सड़क सेलिब्रेशन के बढ़ते मामलों पर हाई कोर्ट पहले ही सख्त रुख अपना चुका है। डिवीजन बेंच ने टिप्पणी की थी कि पुलिस की कार्रवाई केवल औपचारिक नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसी हो जिससे भविष्य में कोई भी सड़क पर कानून हाथ में लेने की हिम्मत न करे।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार युवकों में शामिल हैं –

  • अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24),
  • अंशुल अग्रवाल (25),
  • प्रथम अग्रवाल (24),
  • महेश साहू (27),
  • निखिल रामा (26),
  • अरुण देवांगन (39),
  • शुभम अग्रवाल (23)।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!