नई दिल्ली। समावेशी शिक्षा और समान अवसर को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और समाज के अन्य वंचित वर्गों के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग योजना शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के जरूरतमंद छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्ता पूर्ण तैयारी का अवसर देना और उन्हें रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ना है। यह योजना सिविल सेवा परीक्षा, स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC), बैंकिंग समेत अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए शुरू की गई है। इसके तहत हर वर्ष 5,000 योग्य छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इस योजना में ओडिशा सहित पूरे देश के विद्यार्थी शामिल होंगे।
Physics Wallah फाउंडेशन के साथ हुआ समझौता
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए Physics Wallah (PW) Foundation के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को संरचित ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे।
मिलेगी ये सुविधाएं
योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को
- लाइव और रिकॉर्डेड ऑनलाइन क्लासेस
- टेस्ट सीरीज और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र
- अध्ययन सामग्री और मेंटरशिप
- डाउट सॉल्विंग सपोर्ट और व्यक्तिगत काउंसलिंग
जैसी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क दी जाएंगी। छात्रों का चयन मेरिट आधारित प्रक्रिया के जरिए एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
सामाजिक समावेशन की दिशा में बड़ा कदम
मंत्रालय का कहना है कि यह पहल ऐतिहासिक रूप से वंचित समुदायों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में समान अवसर देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। मुफ्त और संरचित मार्गदर्शन के जरिए छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके रोजगार के अवसर बढ़ाने पर खास जोर दिया गया है।
एसटी छात्रों के लिए अलग व्यवस्था नहीं
हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस पहल के तहत अनुसूचित जनजाति (ST) छात्रों के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा कोई अलग MoU नहीं किया गया है। वर्तमान योजना का फोकस मुख्य रूप से SC, OBC और PM CARES for Children Scheme के लाभार्थियों पर है।
जनरल कैटेगरी इस योजना में शामिल नहीं
इस निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग पहल में सामान्य वर्ग (GENERAL CATEGORY) के विद्यार्थियों को शामिल नहीं किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा Physics Wallah फाउंडेशन के साथ किया गया यह समझौता केवल अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और PM CARES for Children Scheme के लाभार्थियों तक सीमित है।
क्या कहा गया है आधिकारिक जानकारी में?
संलग्न आधिकारिक दस्तावेज़ (PIB नोट) में यह स्पष्ट उल्लेख है कि इस योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए किसी प्रकार की पात्रता या लाभ का प्रावधान नहीं रखा गया है। यानी, जनरल कैटेगरी के छात्रों के लिए फिलहाल इस योजना में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
भविष्य की संभावना
हालांकि मंत्रालय ने यह भी संकेत नहीं दिया है कि आगे चलकर इस योजना का दायरा सामान्य वर्ग तक बढ़ाया जाएगा या नहीं। ऐसे में जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों को फिलहाल अन्य सरकारी या निजी कोचिंग योजनाओं पर निर्भर रहना होगा। यह योजना सामाजिक समावेशन के उद्देश्य से शुरू की गई है,









