Civil India News App Download
📢 Advertise With Us

JD ने शिक्षिका को किया निलंबित: पढ़िए क्या बनी वजह

Share on

बिलासपुर। बच्चों के साथ मारपीट के गंभीर मामले में संयुक्त संचालक शिक्षा, संभाग बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट और अनुशंसा के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिल्हा निर्धारित किया गया है।

संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भरारी में पदस्थ शिक्षिका विजयलक्ष्मी गुप्ता के खिलाफ कक्षा सातवीं के छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार की शिकायत सामने आई थी। 12 सितंबर 2025 को दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शिक्षिका ने बिना किसी ठोस कारण के छात्रों की प्लास्टिक और लोहे के पाइप से पिटाई की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जांच कराई गई, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि बच्चों के साथ मारपीट की बात स्वयं शिक्षिका ने स्वीकार की है। जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि घटना से पहले लगभग एक माह तक शिक्षिका नियमित रूप से कक्षा में पढ़ाने नहीं जा रही थीं। बच्चों को पढ़ाने के बजाय वे अक्सर स्कूल के मुख्य द्वार पर खड़ी रहती थीं। जब काफी समय बाद वह कक्षा में पहुंचीं तो पढ़ाई कराने के स्थान पर उन्होंने छात्रों के साथ मारपीट की, जिससे बच्चों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया।

📢
Advertise With Us
Reach thousands of readers with Civil India News
Get Started →

Also Read – बस्तर संभाग के शिक्षकों को हेड मास्टर पद पर पदोन्नति मिलेगी

संयुक्त संचालक शिक्षा ने अपने आदेश में शाला विकास समिति की शिकायतों का भी उल्लेख किया है। समिति के अध्यक्ष और सदस्यों ने जांच के दौरान बताया कि शिक्षिका का व्यवहार शिक्षक के पद और दायित्वों के अनुरूप नहीं था। बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान न देना, कक्षा में अनुपस्थित रहना और फिर अचानक आकर छात्रों की पिटाई करना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। समिति का कहना था कि शिक्षिका के व्यवहार से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा था। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा ने यह निष्कर्ष निकाला कि शिक्षिका का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत है और यह कदाचार की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर शिक्षिका विजयलक्ष्मी गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!