DA HIKE: रायपुर। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। अब कर्मचारियों को मूल वेतन पर 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी।
जारी हुआ आदेश
सरकार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद केंद्र सरकार के कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया जाता है। इस फैसले से लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा।
क्या माना जाएगा मूल वेतन
आदेश के अनुसार, संशोधित वेतन संरचना में “मूल वेतन” का अर्थ 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत वेतन मैट्रिक्स के अनुसार निर्धारित स्तर पर मिलने वाला वेतन है। इसमें विशेष वेतन या अन्य अतिरिक्त भत्ते शामिल नहीं होंगे।
अलग तत्व रहेगा महंगाई भत्ता
सरकार ने स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ता पारिश्रमिक का अलग तत्व बना रहेगा और इसे वेतन का हिस्सा नहीं माना जाएगा।
राउंड ऑफ का नियम
महंगाई भत्ते की गणना में 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में जोड़ा जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।रक्षा और रेलवे कर्मचारियों के लिए अलग आदेश यह आदेश रक्षा सेवा अनुमानों से वेतन पाने वाले नागरिक कर्मचारियों पर भी लागू होगा। हालांकि, सशस्त्र बलों के कर्मियों और रेलवे कर्मचारियों के लिए रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय अलग-अलग आदेश जारी करेंगे।
ऑडिट विभाग पर भी लागू
भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के कर्मचारियों पर भी यह आदेश लागू होगा। इसके लिए भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक से आवश्यक परामर्श लिया गया है।
कर्मचारियों को कितना फायदा
महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत वृद्धि से कर्मचारियों के मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी। वेतन स्तर के अनुसार यह राशि अलग-अलग होगी, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।








