रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष हायर सेकेंडरी परीक्षा में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। परिणाम जारी होते ही मेरिट सूची में जगह बनाने वाले छात्रों के नाम भी सामने आ गए हैं। खास बात यह रही कि टॉप-10 सूची में कुल 43 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है। प्रदेश में पहला स्थान जिज्ञासु वर्मा ने हासिल किया है। बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु ने 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में टॉप किया।
दूसरे स्थान पर ओमनी वर्मा रहीं। बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल की छात्रा ओमनी ने 98.20 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। तीसरा स्थान रायगढ़ जिले के गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल, छाल के छात्र कृष महंत को मिला। उन्होंने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
सरकारी और आत्मानंद स्कूलों का शानदार प्रदर्शन
इस बार की मेरिट लिस्ट में सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद स्कूलों के छात्रों का दबदबा देखने को मिला। कई जिलों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में जगह बनाई है। रायगढ़, जशपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद और कांकेर जैसे जिलों के छात्र-छात्राओं ने साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं हैं।
छोटे शहरों के छात्रों ने दिखाई बड़ी ताकत
इस बार परिणाम में छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इससे साफ है कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और सरकारी स्कूलों के छात्र भी अब प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ रहे हैं।
टॉपर्स को मिलेगा 1.5 लाख इनाम
राज्य सरकार ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्रों के लिए प्रोत्साहन राशि का भी ऐलान किया है। टॉपर्स को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का नया उत्साह मिलेगा।