CG SUSPEND NEWS: रायपुर। प्रदेश की शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। दुर्ग, कांकेर और सरगुजा जिलों में उड़नदस्ता टीमों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में ओवररेटिंग की पुष्टि होने पर तीन आबकारी उप निरीक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शराब दुकानों में ओवररेटिंग और अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
3 आबकारी उप निरीक्षक निलंबित
जांच में गड़बड़ियां सामने आने के बाद निम्न अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है—
- अनिल गुप्ता, आबकारी उप निरीक्षक, अंबिकापुर (सरगुजा)
- ओम प्रकाश, आबकारी उप निरीक्षक, भानुप्रतापपुर (कांकेर)
- हरीश पटेल, आबकारी उप निरीक्षक, दुर्ग
सरगुजा में 100 रुपये अधिक वसूली
सरगुजा जिले की बौरीपारा विदेशी मदिरा दुकान में औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 20 पाव गोल्डन गोवा व्हिस्की की बिक्री निर्धारित मूल्य 2400 रुपये के स्थान पर 2500 रुपये में की गई। यानी ग्राहकों से 100 रुपये अतिरिक्त वसूले गए।
कांकेर में बीयर पर अधिक कीमत
कांकेर जिले के दुर्गकोंदल स्थित शराब दुकान में एक बीयर की बोतल शासन द्वारा निर्धारित 210 रुपये की दर के बजाय 220 रुपये में बेची गई। जांच में इसकी पुष्टि होने पर संबंधित उप निरीक्षक पर कार्रवाई की गई।
दुर्ग में देशी शराब पर ओवररेटिंग
दुर्ग जिले के अंजोरा स्थित मदिरा दुकान में 24 पाव देशी शराब की बिक्री 1920 रुपये के स्थान पर 2000 रुपये में की गई। ग्राहकों से 80 रुपये अतिरिक्त वसूलने का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
पांच अधिकारियों को नोटिस
आबकारी विभाग ने निम्न अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है—
- सी.आर. साहू, जिला आबकारी अधिकारी, दुर्ग
- लक्ष्मीकांत गायकवाड़, जिला आबकारी अधिकारी, सरगुजा
- धीरज कनौजिया, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, दुर्ग
- मधुकर श्याम हरित, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, कांकेर
- शीला बड़ा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, सरगुजा
इन अधिकारियों से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आठ दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि शराब दुकानों में अनियमितताओं को लेकर आबकारी विभाग द्वारा पिछले आठ दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की गई है। इससे पहले 11 जून को भी विभाग ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन एवं नोटिस की कार्रवाई की थी।
बैगा आदिवासियों से अवैध वसूली की शिकायत
इधर कवर्धा जिले में आबकारी विभाग के दो उप निरीक्षकों पर विशेष संरक्षित बैगा आदिवासियों से अवैध वसूली और फर्जी प्रकरण दर्ज करने के आरोप भी लगे हैं। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने आबकारी आयुक्त को शिकायत भेजकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आबकारी आयुक्त की दोटूक
आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने कहा है कि शराब दुकानों में निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूले जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।