CG Murder Case: पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है। ग्राम जाम जुनवानी खारापारा में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने जयलाल एक्का उम्र 34 वर्ष, जयमन एक्का उम्र 36 वर्ष और एक किशोर को हिरासत में लिया है।
पत्थलगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जामजुनवानी में रहने वाले सुशील खलखो की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के साथ जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि करीब तीन-चार साल पहले मृतक सुशील खलखो का आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के साथ प्रेम संबंध था। उस समय विवाद बढ़ने और शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी सुशील को जेल भेज दिया गया था।
करीब डेढ़ महीने पहले सुशील जेल से जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद भी उसका जयलाल की पत्नी से संपर्क बना हुआ था और दोनों के बीच बातचीत जारी थी। जब यह बात फिर से गांव में फैल गई तो जयलाल और उसके परिवार ने सामाजिक बैठक बुलाई। बैठक के दौरान जयलाल की पत्नी ने खुले तौर पर सुशील खलखो के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद सामाजिक सहमति से उसे सुशील के साथ भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात शिकायतकर्ता जानकी लकड़ा ने घर के बाहर शोर-शराबा सुना। बाहर निकलकर देखने पर उसने पाया कि गांव के ही जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक किशोर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।