CG News: यूनिवर्सिटी में ‘नारियल पॉलिटिक्स’, NSUI ने VC से की रजिस्ट्रार हटाने की मांग

Share on

CG News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति गरमा गई है। एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कुलपति को नारियल भेंट किया और कुलसचिव (रजिस्ट्रार) को हटाने की मांग रख दी। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय में अव्यवस्था, छात्रहितों की अनदेखी और सुरक्षा में लापरवाही जैसे गंभीर आरोप लगाए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिंसा बना बड़ा मुद्दा

छात्र संगठन ने हाल ही में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी और मारपीट की घटना को लेकर प्रशासन को घेरा। एनएसयूआई का आरोप है कि इतने बड़े आयोजन के बावजूद स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना में एक कर्मचारी घायल हुआ था, जिसे इलाज के दौरान कई टांके लगाने पड़े। संगठन का कहना है कि यह प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा उदाहरण है।

छात्रों को नहीं मिल रही बुनियादी सुविधाएं

एनएसयूआई ने यह भी आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी के कई छात्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के छात्रों को नियमित क्लासरूम तक उपलब्ध नहीं कराया गया है और वे हॉल में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि जब वे अपनी समस्याएं लेकर कुलसचिव से मिलने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें समय तक नहीं दिया जाता।

रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर नाराजगी

संगठन ने परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही त्रुटियों को भी गंभीर मुद्दा बताया। उनका कहना है कि रिजल्ट में गलतियों के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है।

कुलपति से की गई ये मांगें

एनएसयूआई ने कुलपति से मांग की है कि—

  • विश्वविद्यालय में हुई हिंसक घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए
  • दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो
  • कुलसचिव के कार्यों की समीक्षा की जाए
  • छात्र समस्याओं के समाधान के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए

आंदोलन की चेतावनी

छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन का कहना है कि छात्रहितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!