CG Police Transfer: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एसएसपी रजनेश सिंह ने एक बार फिर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। जारी ट्रांसफर आदेश के तहत सात निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र और थाने बदल दिए गए हैं। खास बात यह है कि इनमें से चार निरीक्षकों का तबादला महज एक महीने पहले ही किया गया था। कोनी थाना प्रभारी बनाई गईं राजश्री दामोदर कोसले को भी बदल दिया गया है। वहीं निरीक्षक उमेश साहू को सकरी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी रजनेश सिंह जिले में नई पुलिसिंग व्यवस्था लागू करने में जुटे हैं। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सीएसपी और एसडीओपी कार्यालयों में भी निरीक्षकों की पदस्थापना की जा रही है। अप्रैल महीने में 13 थाना प्रभारियों का एक साथ ट्रांसफर किया गया था। इसके करीब 15 दिन बाद तीन और थाना प्रभारियों का तबादला हुआ था। अब फिर सात निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें अभय बैस सिरगिट्टी, राजश्री दामू कोसले, अवनीश पासवान, उमेश साहू और उत्तम साहू जैसे नाम शामिल हैं, जिनकी हाल ही में नई पोस्टिंग हुई थी।
अप्रैल में कोनी टीआई भावेश शेंडे को चकरभाठा भेजा गया था और उनकी जगह राजश्री दामोदर कोसले को कोनी थाने का प्रभार दिया गया था। अब राजश्री को हटाकर तखतपुर टीआई विवेक पांडेय को कोनी थाने की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक उमेश साहू को सकरी थाना प्रभारी बनाया गया है। शिकायत सेल में पदस्थ निरीक्षक निलेश पांडेय को रतनपुर थाने भेजा गया है। सकरी टीआई विजय चौधरी को शिकायत शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक अवनीश पासवान को तखतपुर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि उत्तम साहू को पुलिस लाइन से अजाक थाने में पदस्थ किया गया है।