Civil India News App Download

CG Teacher News: बच्चों से अनुचित व्यवहार का आरोप, हेड मास्टर को डीईओ ने हटाया

Share on

CG Teacher News: मुंगेली। शासकीय प्राथमिक शाला देवगांव में पदस्थ हेड मास्टर एलबी शायरा बानो को स्कूल से हटाकर शासकीय प्राथमिक शाला चारभाठा में पदस्थ किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर उन्हें तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत देवगांव के सरपंच ने जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर हेड मास्टर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में कहा गया था कि स्कूल में बच्चों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार और उन्हें तुच्छ दृष्टि से देखने के कारण बच्चों के मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

सरपंच की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

सरपंच द्वारा भेजी गई शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि विद्यालय में बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों और पारंपरिक रीति-रिवाजों से भी वंचित किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रशासनिक दृष्टि से हेड मास्टर का स्थानांतरण करने का निर्णय लिया।

शिक्षा सत्र समाप्ति तक चारभाठा में रहेंगी पदस्थ

डीईओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार शायरा बानो को शिक्षा सत्र 2026-27 की समाप्ति तक शासकीय प्राथमिक शाला चारभाठा, विकासखंड एवं जिला मुंगेली में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि चारभाठा स्कूल में शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।

पढ़िए डीईओ के आदेश में क्या लिखा है?

डीईओ ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत देवगांव के सरपंच द्वारा 17 फरवरी 2026 को प्रस्तुत शिकायत में विद्यालय में बच्चों से अनुचित व्यवहार, उन्हें तुच्छ एवं निम्न दृष्टि से देखने तथा सांस्कृतिक रीति-रिवाजों से वंचित करने संबंधी आरोप लगाए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि शिकायत की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तथा शासकीय प्राथमिक शाला चारभाठा में शिक्षक की आवश्यकता को देखते हुए शायरा बानो को शिक्षा सत्र 2026-27 की समाप्ति तक चारभाठा में कार्य करने हेतु निर्देशित किया जाता है।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!