CG Teacher News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के अटैचमेंट (संलग्नीकरण) पर अब सरकार सख्त कार्रवाई के मूड में है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) ने अटैचमेंट खत्म करने के आदेश जारी करने शुरू कर दिए हैं। अब लंबे समय से स्कूलों के बजाय कार्यालयों और अन्य संस्थानों में संलग्न शिक्षक अपनी मूल पदस्थापना वाले स्कूलों में लौटेंगे और नियमित शिक्षण कार्य करेंगे।
डीईओ ने जारी किए कार्यमुक्ति के आदेश
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक दर्जन शिक्षकों और कर्मचारियों का अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें उनकी मूल शालाओं में तत्काल जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कांकेर और बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड में भी ऐसे आदेश जारी किए जा चुके हैं। डीईओ के आदेश में कहा गया है कि 23 जून 2026 को स्कूल शिक्षा मंत्री की समीक्षा बैठक और 25 जून 2026 को लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के निर्देशों के पालन में सभी संलग्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना संस्था के लिए कार्यमुक्त किया जा रहा है।
अब स्कूलों में पढ़ाएंगे, VSK ऐप से लगेगी उपस्थिति
सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब संलग्न शिक्षकों को अपने मूल विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। इसके साथ ही सभी शिक्षकों की उपस्थिति VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कराई जाएगी। विभाग का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
इन शिक्षकों का अटैचमेंट किया गया समाप्त
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जिन शिक्षकों एवं कर्मचारियों का अटैचमेंट समाप्त किया गया है, उनमें संजय श्रीवास्तव, अरुण कुमार वर्मा, किरण कुमार वर्मा, जहीर अब्बास, हरवंश लाल निषाद, दुर्गेश शर्मा, जीवन लाल जोशी, नीलमणी साहू, लवकेश निराला, कुंज बिहारी भारद्वाज, प्रेमिन ध्रुव और अंजनी घृतलहरे शामिल हैं। सभी को उनकी मूल पदस्थापना वाले विद्यालयों में लौटकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।