नई दिल्ली। देश की राजधानी आज शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास गेट नंबर-1 के बाहर खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं और उनके परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने अब तक 10 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। सभी घायलों को नजदीकी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

धमाका शाम 6:52 बजे हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास लगभग 6:55 बजे विस्फोट हुआ। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। फौरन ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनएसजी और एनआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक जांच जारी है।
देशभर में अलर्ट जारी
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों ने यूपी और मुंबई में भी सतर्कता बढ़ा दी है।
सीआरपीएफ के डीआईजी और शीर्ष अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से तत्काल रिपोर्ट तलब की है और जांच को तेज करने के निर्देश दिए हैं। केंद्र सरकार ने कहा है कि इस हमले के हर एंगल से जांच की जाएगी चाहे आतंकी साजिश हो या किसी स्थानीय गैंग की भूमिका।
इलाके में मचा हड़कंप, खिड़कियां टूटीं – गाड़ियां जलकर खाक
धमाके के तुरंत बाद लाल किले के आस-पास धुएं का गुबार छा गया। वहां खड़ी कारें और मोटरसाइकिलें जलने लगीं। आसपास के मकानों की खिड़कियां और शीशे टूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, “आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा जैसे कोई बम फटा हो। चारों ओर धुआं और चीख-पुकार मच गई।”
बम निरोधक दस्ते की तैनाती, हर वाहन की जांच शुरू
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की टीमें तैनात की हैं। पूरे लाल किला क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्पेशल सेल और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स कार के अवशेषों की जांच कर रहे हैं ताकि विस्फोट में इस्तेमाल हुए सामग्री की पहचान हो सके।
जांच के कई एंगल – आतंकी साजिश की आशंका
फिलहाल धमाके के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पुलिस इसे संभावित आतंकी साजिश मानकर जांच कर रही है। एनआईए और एनएसजी की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर एविडेंस को कलेक्ट कर रही हैं।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है। आसपास के इलाकों दरियागंज, चांदनी चौक और कश्मीरी गेट में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
फिलहाल जांच जारी है…
सरकार ने कहा है कि “जिम्मेदारों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।” राष्ट्रीय जांच एजेंसियां घटना की तह तक जाने के लिए काम कर रही हैं। लाल किला क्षेत्र में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे इलाके को कॉर्डन कर दिया गया है।








