हाई कोर्ट पहुंचा वीआईपी बर्थडे सेलिब्रेशन

Share on

बिलासपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव की पत्नी ने सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेट करते हुए केक काटा। इस पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास ने अपनी पत्नी का बर्थडे सड़क पर सेलीब्रेट किया। पत्नी ने सड़क पर लग्जरी कार की बोनट पर केकरखकर काटा, फिर जमकर आतिशबाजी भी की गई। हाईकोर्ट ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस अमितेंद्र प्रसाद की डिवीजन बेंच में स्वतः संज्ञान वाली जनहित याचिका पर सुनवाई की। बेच ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इस पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करें। साथ ही सरकार को भी कहा कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करें। राज्य सरकार की ओर से पैरवी करते हुए महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने कहा कि FIR दर्ज कर गिरफ्तारी भी की गई है।

Also Read – मंत्री के निज सहायक की पत्नी का बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन

भाजपा नेता राजेंद्र दास की पत्नी के बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो गुरुवार रात का बताया जा रहा है। कांग्रेस ने सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। साथ ही पूछा कि क्या हाई कोर्ट का नियम सिर्फ आम जनता के लिए है, भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर नियम लागू नहीं होता क्या ?


सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर हाई कोर्ट ने सख्ती दिखाई है। ऐसे कई मामलों में सख्त टिप्पणी भी की है। इसके बाद भी सड़कों पर सेलिब्रेशन का सिलसिला जारी है। अब कांग्रेस ने भाजपा नेता की पत्नी का सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर किया है। कांग्रेस ने लिखा है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास, जो खुद भाजपा नेता भी हैं। सड़क पर खुलेआम पत्नी का जन्मदिन मना रहे हैं। पटाखे फोड़कर आतिशबाजी के बीच सड़क को निजी जागीर बना दिया गया। क्या हाई कोर्ट का नियम सिर्फ आम जनता के लिए है? भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर कानून लागू नहीं होता क्या?

वायरल वीडियो में यह सब

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास की पत्नी के बर्थडे सेलिब्रेशन वीडियो में उनकी पत्नी सड़क पर केक लेकर खड़ी हैं। उनके साइड में सड़क पर ही पटाखे फूट रहे हैं। इसके कुछ देर बाद राजेंद्र दास की पत्नी केक लेकर गाड़ी के पास जाती हैं। सफेद कलर की लग्जरी गाड़ी की बोनट पर केक रखती हैं। इसके बाद वह केक काटती हैं।

वहीं सामने से वीडियो भी बने रहे हैं, जिसमें राजेंद्र दास की पत्नी पोज देती हुई नजर आती हैं। इसके अलावा इसी वीडियो को राजेंद्र दास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी पत्नी को बर्थडे की बधाई दी है। इस मामले में राजेंद्र दास ने कहा कि कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद है। पहली बात तो चिरमिरी में कोई नेशनल हाईवे की सड़क नहीं है। दूसरी बात की पटाखे सड़क पर नहीं घर के सामने गली में फूटे हैं। वह भी पटाखे मैं नहीं फोड़ा हूं, यह पटाखे मेरे करीबी फोड़े हैं। केक भी सड़क पर नहीं काटा गया है।

Also Read – EOW के बड़े अफसर फंसे! CJM ने नोटिस भेजकर मांगा जवाब

कांग्रेस ने पोस्ट में राजेंद्र दास को भाजपा नेता के साथ विशेष निज सहायक बताया है। दरअसल, राजेंद्र दास कई साल से मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से जुड़े हैं। सरकारी हलके में उन्हें सुपर मंत्री भी कहा जाता है। श्याम बिहारी जायसवाल का आफिशियल निज सहायक प्रकाश शुक्ला हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों के बीच ज्यादा पैठ राजेंद्र दास की है। इस लिहाज से वे चर्चित हैं। MCB जिले के भाजपा नेताओं के अनुसार राजेंद्र दास भाजपा के किसी पद पर नहीं हैं। वे मंत्री से सीधे जुड़े हैं।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!