जगदलपुर। शराब के नशे में एसडीएम के साथ बदसुलूकी करने वाले हेड मास्टर को डीईओ ने निलंबित कर दिया है। दरअसल हेड मास्टर को बीएलओ की जिम्मेदारी दी गई थी। मतदाता सूची के कामकाज को लेकर जब एसडीएम ने हेड मास्टर से जानकारी चाही तब शराब के नशे में उसने एसडीएम से बदसुलूकी कर दी। मेडिकल रिपोर्ट में हेड मास्टर द्वारा शराब पीने की पुष्टि हो गई है।
Also Read – तीन विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को राज्य सरकार ने किया निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर बलीराम बघेल द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने सहित एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बकावंड के साथ अभद्र व्यवहार करने के कारण प्राथमिक शाला खामेश्वरीपारा राजनगर विकासखण्ड बकावंड के हेड मास्टर स्वतंत्र अवस्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी निलंबन आदेश में उल्लेख किया गया है कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बकावंड की अनुशंसा के अनुसार बीएलओ प्रधान पाठक प्राथमिक शाला खामेश्वरीपारा राजनगर विकासखण्ड बकावंड स्वतंत्र अवस्थी के द्वारा एसडीएम बकावंड के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शराब पीकर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने सहित मेडिकल रिपोर्ट में शराब का सेवन करना प्रमाणित पाया गया है।
Also Read – आ रही है प्रिंसिपल प्रमोशन की नई सूची: ई और टी कैडर के शिक्षकों के लिए दिसंबर में बड़ी खुशखबरी
मतदाता डिजिटाइजेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान शराब के नशे में उपस्थित रहने संबंधी गंभीर शिकायत के आधार पर संबंधित (बीएलओ) प्रधानपाठक प्राथमिक शाला खामेश्वरीपारा राजनगर विकासखण्ड बकावण्ड स्वतंत्र अवस्थी को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उपनियम के उल्लंघन का प्रथम दृष्ट्या दोषी पाये जाने के फलस्वरूप तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में हेड मास्टर का मुख्यालय कार्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी विकासखण्ड दरभा होगा। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।








