धमतरी। ग्रामीणों द्वारा अवैध शराब की सूचना देने के बाद भी थाना प्रभारी मौके पर कार्यवाही के लिए नहीं पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई।।पुलिस अधीक्षक के द्वारा निर्देश देने के बावजूद थाना प्रभारी मौके पर घंटों लेट से पहुंचे। लापरवाही बरतने पर नाराज एसपी सूरज सिंह परिहार ने थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है।
धमतरी जिले के केरगांव थाना प्रभारी के पद पर दुमनलाल डडसेना पदस्थ थे। 19 नवंबर को थाना क्षेत्र के ग्राम सलोनी में ग्रामीणों ने अवैध शराब पकड़ी थी। शराब पकड़कर ग्रामीणों ने केरगांव थाना प्रभारी को फोन कर इसकी सूचना दी और कार्यवाही के लिए आने की बात कही। थाना प्रभारी ने निजी कार्य से बाहर होने का हवाला देते हुए गांव जाने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसपी सूरज सिंह परिहार को दी। एसपी ने थाना प्रभारी को तत्काल मौके पर पहुंच कार्यवाही के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश के बावजूद मौके के लिए तत्काल रवाना होने की बजाय तीन घंटे लेट से पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी से पहले एसपी के निर्देश पर एसडीओपी मौके पर पहुंच गए थे। निर्देशों के बावजूद मौके पर कार्यवाही के लिए समय पर नहीं पहुंचने और बिना किसी सूचना और अनुमति के निजी कार्य के चलते थाना क्षेत्र से बाहर रहने को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने केरगांव थाना प्रभारी दुमनलाल डडसेना को निलंबित कर रक्षित केंद्र में अटैच करने का आदेश जारी किया है।








