CG High Court News: हाई कोर्ट में समर वेकेशन घोषित, जानिए कब से कब तक बंद रहेगा कामकाज

Share on

CG High Court: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 18 मई 2026 से 12 जून 2026 तक समर वेकेशन रहेगा। इसके बाद 15 जून 2026 से हाई कोर्ट में नियमित कामकाज फिर शुरू होगा। हालांकि अवकाश के दौरान भी जरूरी मामलों की सुनवाई के लिए वेकेशन कोर्ट संचालित होगी। छुट्टियों में न्यायिक कार्य पूरी तरह बंद नहीं रहेगा और तत्काल मामलों पर सुनवाई जारी रहेगी।

वेकेशन कोर्ट में इन मामलों की होगी सुनवाई

ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सभी नए दीवानी, आपराधिक और रिट याचिका संबंधी मामले दाखिल किए जा सकेंगे। नए और लंबित जमानत आवेदनों के लिए अलग से अर्जेंसी आवेदन देने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मामलों की सुनवाई सीधे वेकेशन कोर्ट में सूचीबद्ध की जाएगी। जमानत मामलों के अलावा अन्य लंबित मामलों के लिए तत्काल सुनवाई आवेदन देना अनिवार्य रहेगा।

कोर्ट का समय और व्यवस्था

अवकाशकालीन न्यायाधीश सुबह 10:30 बजे से डिवीजन बेंच में बैठेंगे। आवश्यकता पड़ने पर सुनवाई कोर्ट समय के बाद भी जारी रखी जा सकेगी। यदि समय बचता है, तो खंडपीठ के बाद एकल पीठ की भी सुनवाई की जा सकती है। आपात स्थिति में अवकाशकालीन न्यायाधीश, मुख्य न्यायाधीश की अनुमति लेकर दूसरे न्यायाधीश से कार्यभार का आदान-प्रदान भी कर सकेंगे।

छुट्टियों में भी खुली रहेगी रजिस्ट्री

समर वेकेशन के दौरान हाई कोर्ट की रजिस्ट्री शनिवार, रविवार और सरकारी छुट्टियों को छोड़कर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी, ताकि वादकारी और अधिवक्ताओं को परेशानी न हो।

वेकेशन में इन तारीखों को होगी सुनवाई

हाई कोर्ट ने अवकाशकालीन बैठकों की तारीखें भी तय कर दी हैं। वेकेशन कोर्ट में सुनवाई 19, 21, 26 और 28 मई 2026, तथा 2, 4, 9 और 11 जून 2026 को होगी।

नियमित कार्य कब से शुरू होगा?

ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद 15 जून 2026, सोमवार से हाई कोर्ट में सामान्य रूप से सभी बेंचों का नियमित कार्य प्रारंभ हो जाएगा।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!