CG Crime News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपार्टमेंट्स को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए बिलासपुर पुलिस को दिल्ली और मेरठ में लगातार अभियान चलाना पड़ा। आखिरकार 20 दिनों तक मेरठ में कैंप करने के बाद पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35.34 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 99 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी चोरी के जेवरों को गलाकर उनकी पहचान मिटा देता था।
अपार्टमेंट चोरी से खुला बड़ा नेटवर्क
मामला 28 सितंबर 2025 का है, जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत अपार्टमेंट और रियल हेवन अपार्टमेंट में सिलसिलेवार चोरी की घटनाएं हुई थीं। वारदात का तरीका बेहद शातिराना था, जिससे पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने सिविल लाइन पुलिस और ACCU की संयुक्त स्पेशल टीम बनाई। टीम ने शहर के 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची।

मेरठ का ताज मोहम्मद निकला मास्टरमाइंड
जांच में आरोपी की पहचान मेरठ के समयपुर निवासी ताज मोहम्मद के रूप में हुई। पुलिस कई बार दिल्ली और मेरठ पहुंची, लेकिन आरोपी हर बार ठिकाना बदलकर बच निकलता था। इस बार पुलिस टीम ने रणनीति बदलते हुए मेरठ में लगातार 20 दिन डेरा डाला। आरोपी मोबाइल नंबर और लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा, लेकिन 24 अप्रैल की सुबह मुखबिर की सूचना पर उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
फ्लैटों की रेकी कर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बाइक से बिलासपुर आया था। दोनों ने पहले दो दिन शहर में घूमकर अपार्टमेंट्स की रेकी की और सुनसान फ्लैटों को निशाना बनाया। इसके बाद मौका देखकर ताले तोड़कर फ्लैटों में घुसते और नकदी व जेवर चोरी कर फरार हो जाते थे। तीसरी वारदात के दौरान आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद दोनों तत्काल वहां से भाग निकले।
जेवर गलाकर मिटाते थे पहचान
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद सोने के जेवरों को चिमनी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया जाता था, ताकि पुलिस पहचान न कर सके। पुलिस ने आरोपी के पास से गला हुआ सोना बरामद किया है।
दूसरा आरोपी दिल्ली जेल में बंद
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह का दूसरा सदस्य वसीम मोहम्मद पहले से दिल्ली जेल में बंद है। पुलिस उसे नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर जल्द बिलासपुर लाने की तैयारी कर रही है।
4 राज्यों में 47 से ज्यादा केस
एसएसपी रजनेश सिंह के अनुसार आरोपी ताज मोहम्मद पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में 47 से अधिक चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। वह गिरोह का मास्टरमाइंड है और जेल से छूटने के बाद नई जगह वारदात करता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की जानकारी जुटाने में लगी है।