CG CRIME NEWS: समझौते के बहाने बुलाया, फिर गला रेतकर कर दी हत्या

Share on

CG Crime News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां समझौते के नाम पर बुलाकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। छोटे भाई को बचाने पहुंचे 22 वर्षीय अभिषेक यादव पर आरोपियों ने चापड़ से हमला कर उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल

मोपका क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक यादव का चचेरा भाई ओमप्रकाश (16) कुछ युवकों के निशाने पर था। बताया जा रहा है कि एक युवती से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। करीब पांच युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच अभिषेक वहां पहुंचा और भाई को बचाने की कोशिश करने लगा। तभी हमलावरों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। एक आरोपी ने चापड़ से सीधे गले पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।

पुलिस चौकी तक पीछा

घटना के बाद ओमप्रकाश किसी तरह मौके से भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए। वह समय रहते अंदर घुस गया, जिससे उसकी जान बच सकी। इधर परिजन घायल अभिषेक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुस्साए लोगों ने किया घेराव

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष, महावीर और रघुवीर सूर्यवंशी शामिल हैं, जो फिलहाल मोपका में किराए पर रह रहे थे।

समझौते के नाम पर रची गई साजिश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले विवाद के बाद समझौते के बहाने दोनों भाइयों को बुलाया था। इसी दौरान सुनियोजित तरीके से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया गया।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!