CG Teacher News: 8 दिन में पलटा जेडी का आदेश, शिक्षक बहाल

Share on

CG Teacher News: बिलासपुर। शिक्षा विभाग में आदेशों को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर ने जिस शिक्षक को गंभीर कदाचार के आरोप में निलंबित किया था, उसी शिक्षक को महज आठ दिन बाद बहाल कर फिर उसी स्कूल में पदस्थ कर दिया गया। मामला मुंगेली जिले के शिक्षक एलबी पीतांबर दास मानिकपुरी से जुड़ा है। पहले विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई और अब जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के प्रस्ताव के बाद निलंबन आदेश रद्द कर दिया गया।

पहले सस्पेंड, फिर बहाली

संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर ने 28 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में पीतांबर दास मानिकपुरी को निलंबित कर बीईओ कार्यालय मुंगेली अटैच किया था। आरोप था कि शिक्षक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पूर्व राज्य मुख्य आयुक्त सोमनाथ यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बीईओ की रिपोर्ट में इसे अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचार माना गया था। लेकिन 6 मई 2026 को जारी नए आदेश में संयुक्त संचालक ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर निलंबन आदेश निरस्त किया जाता है। साथ ही शिक्षक की पदस्थापना फिर से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झझपुरी में कर दी गई।

आदेशों को लेकर उठे सवाल

शिक्षा विभाग के भीतर अब इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि आखिर आठ दिन के भीतर ऐसा क्या बदल गया कि गंभीर आरोपों में निलंबित शिक्षक को बहाल करना पड़ा। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सही थी, तो फिर डीईओ के प्रस्ताव के बाद उसी आदेश को वापस लेने की नौबत क्यों आई?

निलंबन आदेश में क्या कहा गया था?

पहले जारी आदेश में कहा गया था कि शिक्षक ने फेसबुक पर अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित किया गया था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय मुंगेली तय किया गया था और जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता भी दी गई थी।

इन अधिकारियों को भेजी गई जानकारी

बहाली आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा मंत्री के निज सहायक, लोक शिक्षण संचालनालय DPI, जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली, बीईओ मुंगेली और संबंधित स्कूल के प्रधान पाठक को भेजी गई है।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!