CG News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जेल से जमानत पर छूटे आरोपियों ने ऐसा रोड शो निकाला कि लोग दहशत में आ गए। कारों और बाइकों के काफिले के साथ निकाली गई रैली में खुलेआम स्टंटबाजी की गई। कुछ युवक कार की खिड़कियों से बाहर लटककर वीडियो बनाते रहे, जबकि कई बदमाश सड़क पर हुड़दंग मचाते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जेल से निकलते ही स्वागत, फिर शुरू हुई दबंगई
जानकारी के मुताबिक, मारपीट, हुड़दंग और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे मामलों में जेल भेजे गए 9 आरोपी 5 जून की रात जमानत पर रिहा हुए थे। जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद कारों और बाइकों का काफिला निकाला गया। रैली के दौरान आरोपियों ने सड़क पर जमकर स्टंटबाजी की। वायरल वीडियो में युवक कारों की खिड़कियों से बाहर लटकते और सड़क पर दबंगई दिखाते नजर आ रहे हैं। राहगीरों से बदसलूकी करने और दहशत फैलाने के भी आरोप लगे हैं।
इंस्टाग्राम पर डाला वीडियो
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट किया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार
मामला भाटापारा शहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य साहू, सागर धीवर, मनीष धृतलहरे उर्फ सूर्या, वसीम अली, संतोष उर्फ छोटू मनहरे, सागर यादव, आशीष ध्रुव, हेमंत भाट और ओम ध्रुव शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ BNS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर फिर जेल भेज दिया गया।
एसपी बोले- जमानत का मतलब गुंडागर्दी की छूट नहीं
बलौदाबाजार एसपी ओपी शर्मा ने कहा कि जमानत मिलने का मतलब कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने और लोगों में खौफ फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।