CG Crime News: ओडिशा से ट्रक में लाया जा रहा 2 करोड़ का गांजा जब्त, CG-UP बॉर्डर पर सरगना गिरफ्तार

Share on

CG Crime News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ बलरामपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी सीमा पर स्थित धनवार चेकपोस्ट में गांजे से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही भारी मात्रा में गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस के अनुसार तस्करों ने गांजे को बेहद शातिराना तरीके से ट्रक में छिपाया था। ट्रक के निचले हिस्से में गांजे की बोरियां रखी गई थीं और ऊपर प्लास्टिक की बोरियों में पाउडर भरकर उसे ढंक दिया गया था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो।

चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक

यूपी सीमा पर नियमित जांच के दौरान पुलिस को एक तेज रफ्तार 16 चक्का ट्रक पर संदेह हुआ। ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो अंदर छिपाकर रखी गई गांजे की बोरियां बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल ट्रक को जब्त कर लिया और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लोड होकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए उत्तरप्रदेश पहुंचाई जा रही थी।

पांच महीने से फरार था मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी उत्तरप्रदेश के सहारनपुर निवासी लोकेश कुमार है, जो ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है। करीब पांच महीने पहले बलरामपुर पुलिस ने 12 क्विंटल गांजा जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था। उस मामले की जांच में लोकेश कुमार का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार वह पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड था और लगातार फरार चल रहा था। साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को सूचना मिली थी कि लोकेश कुमार स्वयं ओडिशा से गांजे की खेप लेकर बलरामपुर के रास्ते उत्तरप्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

वजन के बाद सामने आएगी वास्तविक कीमत

वाड्रफनगर एसडीओपी रामवतार ध्रुव ने बताया कि बरामद गांजा जिले में पकड़ी गई सबसे बड़ी खेपों में से एक है। फिलहाल ट्रक से गांजा उतारकर उसका आधिकारिक वजन कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वजन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांजे की कुल मात्रा और उसकी वास्तविक बाजार कीमत का खुलासा किया जाएगा। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!