Civil India News App Download

CG Crime News: ‘अयोध्या का पंडित’ बनकर आया ठग, कारोबारी से ढाई लाख लेकर हुआ फरार

Share on

CG Crime News: बिलासपुर। अयोध्या का कथित पंडित बनकर एक शातिर ठग ने किराना कारोबारी को अमीर बनने का सपना दिखाया और देखते ही देखते ढाई लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बिलासपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

अमीर बनाने का झांसा देकर की ठगी

संभाग की सबसे बड़ी थोक मंडी व्यापार विहार में एक किराना व्यापारी से ढाई लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को अयोध्या का पंडित बताकर कारोबारी से संपर्क किया और उसे जल्द अमीर बनाने का दावा किया। बातों में फंसाकर दोनों आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

पढ़िए क्या है पूरा मामला?

तारबाहर पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोगदा निवासी जनकराम साहू (57 वर्ष) 12 जून को व्यापार विहार स्थित थोक बाजार में गल्ला और किराना सामान खरीदने पहुंचे थे। उनके पास ढाई लाख रुपए नकद से भरा बैग था।

इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया। दोनों ने खुद को अयोध्या का पंडित बताते हुए दावा किया कि वे विशेष पूजा-पाठ और उपायों के जरिए उन्हें जल्द अमीर बना सकते हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने व्यापारी का भरोसा जीत लिया और मौका पाकर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने व्यापार विहार और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्ग जिले में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैदर अली अंसारी (60 वर्ष) निवासी केला बाड़ी, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से इसी तरह लोगों को झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

दूसरा आरोपी अभी फरार

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल दूसरा आरोपी वासिम खान, निवासी केला बाड़ी, दुर्ग अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चमत्कार, तंत्र-मंत्र, धनवृद्धि या अमीर बनाने जैसे दावों पर विश्वास न करें। इस तरह के प्रलोभन देकर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई है।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!