CG Teacher News: रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी ताजा निर्देश में कहा गया है कि 16 जून से शालाओं में कार्यरत सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) App के माध्यम से दर्ज की जाएगी। वहीं संभागीय, जिला एवं विकासखंड स्तर के कार्यालयों, डाइट, बीटीआई तथा शासकीय शिक्षा महाविद्यालयों में आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) के जरिए उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
सेवा विवरण अपडेट नहीं होने पर डीपीआई नाराज
डीपीआई ने पत्र में कहा है कि विभागीय कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका के अनुसार पोर्टल में जानकारी अपडेट करने के निर्देश पहले ही दिए गए थे, लेकिन अब तक कई संस्थाओं द्वारा कर्मचारियों की जानकारी अपडेट नहीं की गई है। VSK पोर्टल की जानकारी विभागीय पोर्टल से ही ली जा रही है, इसलिए सभी अधिकारियों को तत्काल अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का विवरण अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोडल अधिकारियों की जानकारी अब तक नहीं मिली
डीपीआई ने यह भी बताया कि आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के संचालन के लिए संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अधिकांश कार्यालयों से जानकारी अब तक प्राप्त नहीं हुई है या त्रुटिपूर्ण भेजी गई है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन अटेंडेंस नहीं तो वेतन भी नहीं
डीपीआई ने अपने आदेश में दोबारा स्पष्ट किया है कि विभाग के सभी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति VSK App और बायोमेट्रिक सिस्टम के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर जून माह का वेतन भुगतान संभव नहीं होगा।
जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
लोक शिक्षण संचालनालय ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था का पालन नहीं किया गया तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी स्तर के अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।