Civil India News App Download

CG Crime News: अपेक्स बैंक के बाहर 2 लाख की चोरी का खुलासा, 7 दिन तक जशपुर में कैंप कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Share on

CG Crime News: रायगढ़। तमनार पुलिस ने डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी करने वाले नट गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने जशपुर जिले में लगातार सात दिनों तक कैंप किया और निगरानी के बाद उसे धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक और डिक्की तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं।

मामला 8 जून का है। ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल ने अपेक्स बैंक तमनार से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। तहसील कार्यालय में काम से जाने के दौरान उन्होंने बाइक बाहर खड़ी कर दी। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और नकदी गायब थी।

शिकायत के बाद तमनार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। तकनीकी जांच और स्थानीय पहचान के आधार पर पुलिस का संदेह नट गिरोह पर गया। जांच के दौरान पता चला कि गिरोह का सदस्य धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में सक्रिय है। इसके बाद पुलिस टीम ने जशपुर में सात दिनों तक डेरा डालकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। आखिरकार खेत के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों की रेकी करने और मौका पाकर डिक्की तोड़कर नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम में मिले हिस्से से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, चोरी की रकम से खरीदी गई नई मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल लोहे के औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!