CG Crime News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से करीब 20 क्विंटल गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गांजे को झाड़ू और कपड़ों की गठरियों के बीच छिपाकर मध्य प्रदेश भेजा जा रहा था। पुलिस ने बस चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मौके का फायदा उठाकर दो संदिग्ध आरोपी फरार हो गए।

झाड़ू की आड़ में हो रही थी गांजा तस्करी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सरगुजा पासिंग की नीलम कंपनी की बस के जरिए गांजा कटनी भेजा जा रहा था। बस में झाड़ू बेचने वाले महिला और पुरुष भी सवार थे, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गए। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है।
इनपुट मिलते ही पुलिस ने की नाकाबंदी
जयनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नीलम कंपनी की बस क्रमांक CG-15-EH-4301 अंबिकापुर से मध्य प्रदेश की ओर जा रही है, जिसमें भारी मात्रा में गांजा रखा गया है। सूचना के आधार पर सिलफिली इलाके में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध बस वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोक लिया।

बस रुकते ही भाग निकले आरोपी
पुलिस के अनुसार जैसे ही बस रोकी गई, उसमें सवार एक महिला और एक पुरुष उतरकर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर और हेल्पर को हिरासत में लेकर बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान झाड़ू और कपड़ों की गठरियों के बीच बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया मिला। पुलिस ने गांजा और बस को जब्त कर लिया है।
ड्राइवर-हेल्पर से पूछताछ जारी
बस को थाने लाकर खड़ा कर दिया गया है। पुलिस ड्राइवर और हेल्पर से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लोड किया गया था और इसे किसे पहुंचाना था।

5 दिन पहले भी पकड़ा गया था करोड़ों का गांजा
गौरतलब है कि पांच दिन पहले महासमुंद जिले की सिंघोड़ा थाना पुलिस ने भी 6 क्विंटल गांजा जब्त किया था। उस मामले में ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे गांजे को मशीनरी सामान के कार्टूनों के नीचे छिपाकर रखा गया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 3 करोड़ 12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी।