Supreme Court News: दिल्ली। केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर सुप्रीम कोर्ट में पांच नए जजों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। नियुक्त किए गए पांचों नामों में चार वर्तमान में देश के अलग-अलग हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। वहीं एक वरिष्ठ अधिवक्ता को बार कोटे से सुप्रीम कोर्ट का जज बनाया गया है। पांच में से चार नियुक्तियां बेंच कोटे से और एक नियुक्ति बार कोटे से की गई है।
जानकारी के अनुसार 22 और 27 मई को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक आयोजित हुई थी। दो दिन चली इस बैठक में पांच नामों पर सहमति बनी थी, जिसके बाद कॉलेजियम ने इन नामों की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी थी। अब केंद्र सरकार ने इन सिफारिशों को मंजूरी देते हुए नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है।
ये नाम होंगे सुप्रीम कोर्ट के नए जज
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस अरुण पल्ली और वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना को सुप्रीम कोर्ट जज नियुक्त किया गया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन नियुक्तियों की जानकारी साझा की। वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना की नियुक्ति के बाद सुप्रीम कोर्ट में महिला प्रतिनिधित्व में भी बढ़ोतरी होगी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में केवल एक महिला जज जस्टिस बीवी नागरत्ना कार्यरत हैं। अगस्त 2021 के बाद से अब तक किसी महिला की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति नहीं हुई थी।
बता दें, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या बढ़ाकर 38 कर दी गई है, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश भी शामिल हैं। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में 32 जज कार्यरत हैं। वहीं जून महीने में जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस पंकज मित्तल के सेवानिवृत्त होने के बाद दो और पद रिक्त हो जाएंगे।