CG News: CM कन्या विवाह कार्यक्रम में अव्यवस्था पर भड़के डॉ रमन सिंह, कलेक्टर-SP की लगाई क्लास, VIDEO वायरल

Share on

CG News: बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस आयोजन में बेमेतरा विधायक समेत कुल 24 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित पूरा मंत्रिमंडल शामिल हुआ। हालांकि वीवीआईपी उपस्थिति वाले इस कार्यक्रम में जिस तरह की अव्यवस्था और अफरा-तफरी दिखाई दी, उसने सबका ध्यान खींच लिया।

अव्यवस्था को लेकर पहली बार सार्वजनिक मंच पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का गुस्सा खुलकर सामने आया। सामान्यतः शांत और संयमित रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कार्यक्रम में फैली व्यवस्थागत कमी को लेकर काफी नाराज नजर आए। उनका गुस्सा सीधे जिले के कलेक्टर और एसपी पर फूटा। उन्होंने दोनों अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप आयोजन नहीं किया गया। वायरल वीडियो में डॉ. रमन सिंह कहते दिखाई दे रहे हैं कि मुख्यमंत्री और दो-दो उपमुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद हैं, लेकिन आयोजन उनकी गरिमा के मुताबिक नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा, “यह कोई तरीका नहीं है कि मुख्यमंत्री का स्वागत पीछे से कराया जाए।” नाराज स्पीकर ने यह भी कहा कि प्रशासन ढाई घंटे के भीतर भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया। अपने 15 साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में ऐसी अव्यवस्था कभी नहीं देखी।

पढ़िए वीडियो में क्या कहा?

डॉ. रमन सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री जी आज बेमेतरा में मौजूद हैं और उनके स्तर के अनुरूप कार्यक्रम नहीं हुआ। मैं कलेक्टर और एसपी से साफ कहना चाहता हूं कि यह तरीका बिल्कुल गलत है। मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत कराया गया, यह बेहद गंभीर बात है। शायद अधिकारियों को यह भी समझ नहीं है कि पूरा मंत्रिमंडल यहां बैठा हुआ है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल को लेकर इतनी नकारात्मकता रही कि तय स्थान पर जाने के लिए भी प्रशासन तैयार नहीं हुआ। डॉ. सिंह ने कहा कि सामान्यतः वे इस तरह के माहौल में कुछ नहीं बोलते, लेकिन आज कहना जरूरी हो गया ताकि प्रशासन इससे कुछ सीख ले सके। उन्होंने इसे घोर लापरवाही बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल मौजूद होने के बावजूद प्रशासन गंभीर नजर नहीं आया।

बैलगाड़ी से निकली विधायक की बारात

बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में भाजपा विधायक दीपेश साहू ने तरुणा साहू के साथ सात फेरे लिए। उनके साथ 23 अन्य जोड़ों ने भी विवाह किया। प्रदेश में यह पहली बार बताया जा रहा है जब किसी विधायक ने सामूहिक विवाह समारोह में शादी रचाई हो। आयोजन में बारात बैलगाड़ी के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। उपमुख्यमंत्री अरुण साव खुद बैलगाड़ी हांकते नजर आए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!