CG News: दादा के दशगात्र में शामिल होने दिल्ली से आए दो भाइयों की तालाब में डूबने से मौत

Share on

CG News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र से बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम नरगोड़ा में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने दादा के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने एक दिन पहले ही दिल्ली से गांव पहुंचे थे।

गांव में मातम के बीच बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम नरगोड़ा निवासी किशोर कुमार खरे के बेटे ऋषभ कुमार खरे (11 वर्ष) और रितेश कुमार खरे (13 वर्ष) अपने पिता के साथ दिल्ली में रहते थे। उनके दादा का हाल ही में निधन हुआ था। शुक्रवार को दशगात्र कार्यक्रम आयोजित होना था, जिसमें शामिल होने पूरा परिवार गुरुवार को गांव आया था।

नहाने गए और गहरे पानी में डूब गए

शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दोनों भाई अपने दोस्त निहाल के साथ गांव के नया तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद निहाल तालाब की मेढ़ पर बैठा हुआ था। उसने दोनों को डूबते देखा तो शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था।

दोस्त ने दौड़कर दी जानकारी

घबराए निहाल ने तुरंत दौड़कर बच्चों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण तालाब पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

नहीं आता था तैरना

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बच्चों को तैरना नहीं आता था। गुरुवार को गांव पहुंचने के बाद भी वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इसी तालाब में नहाने गए थे। शुक्रवार को तेज गर्मी के कारण वे फिर तालाब पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!