CG Crime News: पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दिनदहाड़े हुए एक सनसनीखेज अपहरण ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में किराना व्यवसायी गिरीश यादव का उनके घर के सामने से अपहरण कर लिया गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
घर के सामने खड़े थे व्यापारी, तभी पहुंची कार
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर गिरीश यादव अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक नीले रंग की बलेनो कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे दो युवक पहले उनके पास पहुंचे और उनका नाम पूछा। इसके बाद दोनों ने उन्हें जबरन पकड़कर कार में बैठाना शुरू कर दिया। परिजनों ने विरोध करते हुए बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर अलग कर दिया और व्यापारी को कार में बैठाकर फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
अपहरण की यह पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में कार से उतरे युवक व्यापारी को जबरन ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस अलर्ट, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस हरकत में आ गई। जिले के सभी सीमावर्ती थानों और चेक पोस्टों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। मध्य प्रदेश की सीमा नजदीक होने के कारण अंतरराज्यीय नाकों पर भी सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
पुलिस क्या कह रही है?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो युवक कार से आए थे और व्यापारी को अपने साथ ले गए। परिजनों ने यह भी बताया है कि आरोपियों के हाथ में हथियार जैसी वस्तु थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और व्यापारी की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
इलाके में दहशत, तलाश जारी
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर व्यापारी को सुरक्षित बरामद किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।