Civil India News App Download

CG News: नकली शराब मामले के फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित

Share on

CG News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नकली शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद फरार चल रहे आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसके संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को पुरस्कार देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

240 लीटर नकली शराब के साथ हुआ था बड़ा खुलासा

8 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में चल रहे नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट से भरे ड्रम, नकली होलोग्राम, फर्जी लेबल, ढक्कन और शराब निर्माण में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई थी।

मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित करने की बात स्वीकार की थी।

सुभाष पटेल गिरफ्तार, विनय अब भी फरार

जांच के दौरान पुलिस ने 10 जून को आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण किया जाता था। स्प्रिट मिलाकर शराब की मात्रा बढ़ाई जाती थी और रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर असली शराब जैसा बनाया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर विभिन्न इलाकों में बिक्री की जाती थी।

घर पर चस्पा किया गया नोटिस

मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार है। 17 जून को पुलिस टीम जब विकास नगर स्थित उसके घर पहुंची तो मकान बंद मिला। पड़ोसियों ने भी बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर नहीं आए हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उसके घर पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

संपत्ति कुर्क करने की तैयारी

पुलिस अब आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है। इसके लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी और जिला पंजीयक कार्यालय को पत्र भेजा गया है। संपत्ति का विवरण मिलने के बाद न्यायालय में कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

इन नंबरों पर दें सूचना

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है। आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर निम्न नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है—

  • 9479193200
  • 9479193201
  • 9479193202
  • पुलिस कंट्रोल रूम: 9479193299
  • थाना प्रभारी कोतरारोड़: 9479193211

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से कार्रवाई जारी है।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!