Civil India News App Download

CG Crime News: जेल में कैदी की मौत, पिता ने लगाया पिटाई का आरोप

Share on

CG Crime News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने जेल और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।

मृतक की पहचान कोतरारोड थाना क्षेत्र के नवापारा गांव निवासी संजय बघेल (28) के रूप में हुई है। उसे 10 जून को अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब होने पर जेल प्रशासन ने उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पिता ने लगाया पिटाई से मौत का आरोप

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके बेटे को एक सामाजिक कार्यक्रम से पकड़ा था। उन्होंने दावा किया कि उसी मामले में पकड़े गए दूसरे युवक को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ दिया गया, जबकि उनके बेटे को जेल भेज दिया गया। पिता का आरोप है कि जेल में मारपीट किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है। परिजनों का यह भी कहना है कि मौत के बाद कई घंटों तक उन्हें शव देखने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई।

अस्पताल में जमकर हुआ हंगामा

मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई मौत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।अधिकारियों ने परिजनों को समझाया कि मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शव दिखाया जा सकेगा। इसके बाद मामला शांत हुआ।

सरपंच ने भी उठाए सवाल

नवापारा के सरपंच नंद कुमार बरेठ ने बताया कि संजय बघेल को तीन दिन पहले कोतरारोड पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शनिवार को उसकी मौत की सूचना मिलने पर ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, लेकिन काफी देर तक उन्हें शव देखने नहीं दिया गया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई।

जेल प्रशासन ने क्या कहा?

जेल अधीक्षक जीएस सोरी ने बताया कि संजय बघेल को 10 जून को जेल में दाखिल किया गया था। 12 जून को उसकी तबीयत खराब होने पर जेल अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर शनिवार सुबह उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर उपचार शुरू किया, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।

न्यायिक जांच की मांग

मृतक के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और न्यायिक जांच कराने की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।


Share on
Civil India News App Download
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!