CG News: मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार के बीच MCB जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सियासी माहौल गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में जिले के प्रभारी मंत्री और कृषि मंत्री रामविचार नेताम मंच पर कुर्सी में बैठे हुए सामने रखी टेबल पर पैर पसारे नजर आ रहे हैं, जबकि नीचे जमीन पर बैठी जनता अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाती दिखाई दे रही है।
मोरगा शिविर का वीडियो वायरल
मामला मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के ग्राम पंचायत मोरगा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर का है। शिविर में प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े और कलेक्टर संतनदेवी जांगड़े मौजूद थीं। इसी दौरान का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मंच पर बैठे मंत्री नेताम आराम की मुद्रा में टेबल पर पैर रखे हुए हैं, जबकि नीचे ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे हुए हैं। इस दौरान विधायक भैयालाल राजवाड़े लोगों की बातें सुनते नजर आ रहे हैं।
सीएम की शैली और मंत्री के वीडियो की तुलना
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के ग्रामीणों के बीच जाकर चौपाल लगाने, श्रमिक महिलाओं के साथ भोजन करने और योजनाओं का फीडबैक लेने की तस्वीरें लगातार चर्चा में रहीं। ऐसे में मंत्री रामविचार नेताम का वायरल वीडियो अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
विपक्ष ने साधा निशाना
वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तंज कसते हुए कहा कि जनता जमीन पर बैठी रही और मंत्री जी टेबल पर पैर पसारकर बैठे रहे। यह जनता का सीधा अपमान है।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही चर्चा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे मंत्री की असंवेदनशीलता बता रहे हैं, तो कुछ इसे सामान्य बैठने की मुद्रा कहकर बचाव भी कर रहे हैं। फिलहाल वीडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।