CG News: पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रेत कारोबार को लेकर माफियाओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई खुलकर सामने आने लगी है। सोमवार रात पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक इलाके में दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सड़क पर मचा हड़कंप, जाम जैसी स्थिति
मारपीट के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया और ट्रैफिक भी प्रभावित होने लगा। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्ष खुलेआम सड़क के बीच दबंगई करते हुए एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं।
रेत कारोबार को लेकर विवाद की आशंका
बताया जा रहा है कि रेत डंपिंग और लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। सोमवार रात यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसे गैंगवार मानने से इंकार किया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया केस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों के लोगों को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा, मारपीट और शहर में अशांति फैलाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस बोली- असामाजिक तत्वों को नहीं बख्शेंगे
एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। मामला गैंगवार है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। विवाद के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के बीच इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और रेत माफिया नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।