CG Crime News: बिलासपुर के गांधी चौक में दिनदहाड़े लूट, फैन खरीदने आए बदमाश दुकानदार का iPhone लेकर फरार

Share on

CG Crime News: बिलासपुर। शहर के भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्र गांधी चौक में रविवार शाम लूट की वारदात हो गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित अविनाश इलेक्ट्रिकल दुकान में दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पढ़िए क्या है मामला?

गांधी चौक निवासी अविनाश चौधरी की अविनाश इलेक्ट्रिकल नाम से दुकान है। रविवार शाम करीब 7 बजे सफेद रंग की एक्टिवा में सवार दो युवक दुकान पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। एक युवक दुकान के बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर पहुंचकर सीलिंग फैन दिखाने की बात करने लगा। दुकानदार ने उसे अलग-अलग मॉडल के फैन दिखाए। इसी दौरान आरोपी ने कहा कि वह फैन खरीदने से पहले अपने घरवालों से बात करना चाहता है और दुकानदार से मोबाइल मांग लिया।

मोबाइल मांगकर किया हमला

दुकानदार ने भरोसा कर अपना मोबाइल उसे दे दिया। आरोपी कुछ देर तक फोन पर बात करने का नाटक करता रहा। जब दुकानदार ने मोबाइल वापस मांगा, तब आरोपी ने दुकान में रखे सीलिंग फैन से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दुकानदार संभल नहीं पाया और आरोपी उसके हाथ से मोबाइल छीनकर बाहर भाग गया। बाहर उसका साथी पहले से एक्टिवा स्टार्ट कर खड़ा था। दोनों आरोपी कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए।

30 हजार का आईफोन लूटा

पीड़ित अविनाश चौधरी ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसका करीब 30 हजार रुपये कीमत का आईफोन लूटकर ले गए। उनके अनुसार एक आरोपी की उम्र लगभग 36 वर्ष और दूसरे की करीब 28 वर्ष बताई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना गांधी चौक जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में होने से व्यापारियों में डर का माहौल है। सिटी कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


Share on
Also Read
Loading latest news...
```

About Civil India News

© 2026 Civil India. All Rights Reserved. Unauthorized copying or reproduction is strictly prohibited
error: Content is protected by civil India news, Civil India has all rights to take legal actions !!