CG Politics: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। बिलासपुर प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर RSS को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इतिहास में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर को लूटने का जिक्र मिलता है, जबकि आज राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट” जैसी स्थिति पैदा हो गई है। भूपेश बघेल ने कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए।
बिजली, महंगाई और खाद संकट पर सरकार पर निशाना
भूपेश बघेल ने राज्य सरकार को बिजली दरों में वृद्धि को लेकर भी घेरा। उन्होंने कहा कि बढ़ती बिजली कीमतों का सीधा असर किसानों और आम लोगों पर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल रही है। खाद संकट को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है और बाजार में कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक किसानों से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूली जा रही है।
कानून-व्यवस्था और जेल घटनाओं पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। जेल के भीतर होने वाली हिंसक घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार से जवाब मांगा कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।
कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी चुनाव
राजनीतिक भविष्य और नेतृत्व से जुड़े सवालों पर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस आने वाले चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के दम पर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
राहुल गांधी को लेकर भी साधा निशाना
भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए बड़े पैमाने पर राजनीतिक अभियान चलाया गया है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों से भाजपा असहज हो जाती है और तुरंत प्रतिक्रिया देने लगती है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और आर्थिक चुनौतियां आज भी देश के प्रमुख मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए।